
महराजगंज । घुघली थाना क्षेत्र के मंगलपुर पटखौली गांव के पास शुक्रवार को सड़क किनारे एक बुजुर्ग अचेत अवस्था में मिले। राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न सिंह मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।पुलिस ने बुजुर्ग की पहचान सब्बीर पुत्र अमीर, निवासी वार्ड नंबर 24, नगर पंचायत बरहज, थाना बरहज, जनपद देवरिया के रूप में की। इसके बाद उनके घुघली निवासी रिश्तेदार रियाज को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। उपचार के बाद बुजुर्ग को उनके रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया। वर्तमान में उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न सिंह की तत्परता से समय पर उपचार मिलने पर बुजुर्ग की जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की।



