
महराजगंज । लक्ष्मीपुर संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा लक्ष्मीपुर ब्लाक के बनरसिहा कला स्थित भगवान बुद्ध के ननिहाल देवदह बौद्ध स्तूप परिसर पहुंची। विपश्यना सभागार में भाजपा मंडल कमेटी और देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यात्रा का श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया।
देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव ने संत रविदास के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज से भेदभाव और असमानता समाप्त कर मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।उन्होंने कहा कि संत रविदास के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता और चेतना का संदेश गांव-गांव पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सतीश चौहान, शिव भुजा पांडेय, धर्मेंद्र शर्मा, महेंद्र जायसवाल, लक्ष्मीचंद पटेल, रामलगन गौतम, छबिलाल भारती और अशोक कुमार जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।



