
महराजगंज सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत कटहरा में जलभराव और जर्जर सड़कों से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया आनंदनगर की मुख्य सड़कों पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सड़क पर पानी, कीचड़ और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है।
सावन माह में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन्हीं मार्गों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में जलभराव और खराब सड़क के कारण हादसे की आशंका भी बनी रहती है। लगातार हो रही बारिश से स्थिति और विकट हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीण मिथिलेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, समीर अंसारी, नरेंद्र गौंड, रामहरख, सिकंदर, रामबचन साहनी, मेवालाल, जीतन और मनोज गौतम ने जिलाधिकारी से शिवपुर, कटहरा चौराहा व चोरघटिया में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कों का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।


