उत्तर प्रदेशराजनीति
Trending

व्यापारियों की आवाज बनी प्रशासन की प्राथमिकता, परतावल में जीएसटी सुधारों पर सीधा संवाद ।

महराजगंज । उत्तर प्रदेश राज्य कर आयुक्त विधि अनुभाग के निर्देश पर शुक्रवार को परतावल चौक स्थित ब्लॉक सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मेडिसिन, एफएमसीजी, वुड एवं टिम्बर समेत विभिन्न कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने भाग लिया। व्यापारियों ने जीएसटी, विभागीय कार्यप्रणाली और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं व सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

संवाद का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, जीएसटी 2.0 के प्रस्तावित सुधारों की जानकारी देना, जीएसटी पंजीकरण को बढ़ाना और मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय से समस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान संभव है।
व्यापारियों ने फर्मों की जांच की कार्रवाई को ‘छापा’ के बजाय ‘सर्वे’ कहे जाने का सुझाव दिया। वहीं व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का लाभ प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में भी दिए जाने की मांग उठाई। सर्विस और प्रोडक्ट की संयुक्त बिक्री पर जीएसटी स्लैब तथा एसी, टीवी और कूलर जैसे कार्यालयी उपकरणों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट आईटीसी की पात्रता को लेकर भी सवाल पूछे गए।
राज्य कर अधिकारियों ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए नियमों के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरल, पारदर्शी और व्यापारी हितैषी कर व्यवस्था विभाग की प्राथमिकता है।
ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम व्यापारियों और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे व्यापारिक हितों की रक्षा के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त राज्य कर खंड-1 हरिशंकर प्रसाद, उपायुक्त राज्य कर खंड-3 चंद्रशेखर वर्मा, सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-1 राजेंद्र सिंह यादव, सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 गजेंद्र पाल सिंह, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष संगम लाल श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नगर उपाध्यक्ष आकाश पटेल, नगर संरक्षक राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}