
महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पनियरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना पनियरा की टीम 14 जून की देर रात क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम चंदनचाफी-बभनौली क्षेत्र में अवैध खनन कर परिवहन किए जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। वाहन से संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गणेश कुमार सिंह, कांस्टेबल मनोज गुप्ता तथा कांस्टेबल सौरभ वर्मा शामिल रहे।