जेपी ओझा इंटरमीडिएट कॉलेज में अंकपत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित ।

महराजगज । घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरभिन्डा स्थित जेपी ओझा इंटरमीडिएट कॉलेज में अंकपत्र एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार एवं अंकपत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान छात्रों के साथ उनके अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरण भी किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज गिरी ने बताया कि वर्ष 1978 से विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों से शिक्षा दी जाती है तथा दोनों माध्यमों के छात्रों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। छात्र अपनी रुचि एवं सुविधा के अनुसार माध्यम का चयन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
(मनोहर सिंह)



