महराजगंज । लक्ष्मीपुर, क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय महदेवा बसडीला के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के छात्र आशीष मौर्य ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वहीं छात्रा संजना ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में 30 वां स्थान प्राप्त किया है। दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित हैं।
इसके साथ ही विद्यालय की छात्रा सुप्रिया मौर्य का चयन इन्स्पायर अवार्ड योजना में भी हुआ है, जो विद्यालय के लिए एक और गर्व की बात है। इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिवार ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
होली अवकाश के बाद जब विद्यालय पुनः खुला तो विद्यालय परिसर में एक छोटा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर परीक्षा में सफल हुए मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आगे भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के शिक्षकों ध्रुवनारायण गुप्ता, मदन मुरारी, अशोक कुमार यादव, विश्वनाथ चौधरी, चर्मेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र सिंह तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सच्चिदानंद पाण्डेय ने छात्रों की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी निरंतर मेहनत और मार्गदर्शन से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महदेवा बसडीला भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि गांव के बच्चों की यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।



