महराजगंज, ।पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के अंतर्गत जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रथम एवं द्वितीय पाली के दौरान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
उपस्थिति के अनुसार राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज में प्रथम पाली में 323 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 157 अनुपस्थित रहे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 334 परीक्षार्थी उपस्थित और 146 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में शिवजपत सिंह जनता इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में 349 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 131 अनुपस्थित रहे। डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली में 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 178 उपस्थित और 62 अनुपस्थित रहे।
जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में प्रथम पाली में 4560 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3189 उपस्थित तथा 1371 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3174 परीक्षार्थी उपस्थित और 1386 अनुपस्थित रहे।

