महराजगंज। शनिवार को जनपद के सभी थानों पर “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस के दौरान जनपद भर में कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक प्रार्थना पत्र का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को जांच कर समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के थानों पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन कर शिकायतों का संज्ञान लिया गया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से जमीन से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच करने तथा गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी सभी शिकायतों को थाना स्तर, आईजीआरएस या अन्य माध्यमों से प्राप्त होने पर समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज किया जाए और दोनों पक्षों को बुलाकर पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा मामले का निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े और उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
