
महराजगंज । स्थानीय उपनगर के गोरखपुर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ी बस में अचानक आग लग गई। धीरे धीरे आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। घटना से पेट्रोल पंप परिसर एवं बगल के ढ़ाबे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पेट्रोल पंप के पास खड़ी थी। जो दिन मे कोल्हुई सिद्धार्थनगर से चलकर आई थी । उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। अचानक बस के अगले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ जो कुछ ही पल बाद विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बस को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने भी तत्परता दिखाते हुए पेट्रोल पंप के संचालन को बंद कर दिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में दमकल विभाग को सूचना दी गई लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है । लेकिन बस मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
संवाददाता सुनील पाण्डेय


