बृजमनगंज । आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के सहजनवा बाबू रोड स्थित वार्ड नंबर दो में स्थित ऐतिहासिक बौलिया पोखरे का शीघ्र ही सुंदरीकरण किया जाएगा। लंबे समय से उपेक्षा और अवैध अतिक्रमण के चलते पोखरे की हालत बदतर हो गई थी, जिससे इसके अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया था।
बौलिया पोखरा नगर क्षेत्र का प्राचीन तालाब है, जिसका धार्मिक और सामाजिक महत्व भी रहा है। आसपास की महिलाएं शादी-विवाह एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के अवसर पर यहां मिट्टी छूने की परंपरा निभाती रही हैं, लेकिन अतिक्रमण और साफ-सफाई के अभाव में पोखरा अपनी पहचान खोता जा रहा था।
सोमवार दोपहर पोखरे का निरीक्षण करने पहुंचीं अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि पोखरे के सुंदरीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। इसके लिए 48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे पोखरे का स्वरूप संवरेगा और अतिक्रमण की समस्या से भी निजात मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सभासद जितेंद्र कुमार, इसरार अहमद, कासिम खान, दीपक विश्वकर्मा, बबलू जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


