थाना समाधान दिवस पर जनपद में प्राप्त कुल 61 प्रार्थना पत्रों में से 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण ।

महराजगंज । शनिवार को जनपद के समस्त थानों में “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा थाना निचलौल में थाना समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। एसपी के समक्ष कुल 03 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसको एसपी द्वारा सुनकर उनका मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा निर्देशित किया गया कि जमीन सम्बंधित सभी प्रकरणों में पुलिस व राजस्व की टीमों द्वारा संयुक्त रुप से प्रकरण का निस्तारण किया जाए, जिससे फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े तथा प्रकरणों का त्वरित व न्याय पूर्ण निस्तारण हो सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा जमीन सम्बंधित थाना स्तर, आइजीआरएस या अन्य सभी माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अंकित करने एवं समाधान दिवस पर दोनों पक्षों को बुलवाकर पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा निस्तारित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया । जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा थाना निचलौल का भ्रमण कर आगन्तुक पंजीकरण, अपराध रजिस्टर, मालखाना, शस्त्र रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, रोजनामचा, सीसीटीएनएस पोर्टल से संबंधित अभिलेखों एवं अभिलेख रखरखाव प्रणाली की गहन जांच की गई। अभिलेखों के अद्यतन, अभिलेखन की शुद्धता, पारदर्शिता तथा जनता से जुड़े कार्यों में तत्परता सुनिश्चित करने के संबंध में थाना प्रभारी निचलौल को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने सर्किल के थानों एवं समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन कर जनता की समस्याओं को सुना गया व उनका निस्तारण राजस्व कर्मियों की उपस्थिति में किया गया ।
