
महाराजगंज । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा चौक स्थित निर्माणाधीन रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया गया कि समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ समय से प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परियोजना में अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान सरोवर में जल उपलब्धता की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरोवर में वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रबंधकीय उपाय तत्काल किए जाएं, जिससे परियोजना का सौंदर्य और उपयोगिता दोनों बनी रहे। इसके साथ ही परिसर में स्थित वृक्षों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए वृक्षों की सुरक्षा, नियमित देखभाल तथा समुचित सुंदरीकरण के निर्देश दिए गए, ताकि पर्यावरणीय संतुलन के साथ-साथ स्थल की प्राकृतिक सुंदरता भी सुरक्षित रह सके। जिलाधिकारी ने शौचालय के डिजाइन में परिवर्तन करते हुए महिला–पुरुष के लिए शौचालय के लिए पृथक प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना में धार्मिक, आध्यात्मिक पर्यटकों के साथ–साथ प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनने की क्षमता है। इसलिए परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करें। इससे पूर्व परियोजना प्रबंधक ने बताया कि परियोजना की लागत लगभग 8.5 करोड़ है और परियोजना लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है। अभी परियोजना की दूसरी किश्त मिलना शेष है। उपभोग प्रमाण पत्र शासन को प्रेषित किया जा चुका है। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा सोहगीबरवा स्थित रामग्राम स्तूप का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्तूप के निकट संचालित पर्यटन गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने पर्यटन से जुड़ी सुविधाओ जैसे साफ-सफाई, बैठने की सुविधा, सूचना पट्ट एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व अंतरराष्ट्रीय स्तर का है, ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, परियोजना प्रबंधक यूपीपीसीएल ए.पी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
