वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव के निधन पर पत्रकारों ने जताया गहरा शोक
महराजगंज। जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव के भाई व राष्ट्रीय सहारा के वरिष्ठ पत्रकार एवं घुघली प्रतिनिधि सुरेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव के असमय निधन से पत्रकारिता जगत शोक में डूब गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिलेभर के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब, महराजगंज के तत्वावधान में सोमवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने की। सभा में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि स्वर्गीय श्रीवास्तव जी सच्चे अर्थों में समाज और जनहित के पत्रकार थे। उन्होंने सदैव निर्भीकता, सादगी और ईमानदारी के साथ पत्रकारिता की। उनका योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। संरक्षक सुनील श्रीवास्तव ने कहा कि उनका निधन जिले की पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसे भरा नहीं जा सकता। दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।


