पनियारा खास में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ ।
महराजगंज । उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना पनियारा क्षेत्र के पनियारा खास में मंगलवार को ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 55 महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला कांस्टेबल अंबालिका पांडेय एवं डिंपल यादव ने की। मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 तथा महिला सहायता हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ और ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं के लाभों से भी अवगत कराया।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ी है। कार्यक्रम के अंत में मिशन शक्ति टीम ने आश्वासन दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस विभाग सदैव तत्पर रहेगा।


