अकादमी की प्रशिक्षुओं ने नवदुर्गा के स्वरूप में सजकर प्रस्तुत की मनमोहक झांकी ।
बृजमनगंज । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पंचायत स्थित प्रियंका मेकओवर अकादमी की प्रशिक्षुओं ने मां नवदुर्गा के नौ स्वरूपों को सजीव रूप में प्रस्तुत कर क्षेत्र की जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर के स्टेशन रोड पर मां दुर्गा पंडाल में आयोजित इस भव्य झांकी में मां दुर्गा के दिव्य स्वरूपों को देखकर श्रद्धालुओं ने देवी मां की आराधना की।इस प्रस्तुति में प्रियंका मेकओवर अकादमी की प्रशिक्षुओं ने नवदुर्गा के शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्माण्डा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के स्वरूपों को सजीव कर दिया। उनकी मनमोहक झांकी में पारंपरिक परिधान, अलौकिक श्रृंगार और देवी के प्रतीकात्मक संदेशों को बेहद सुंदर तरीके से दर्शाया गया।झांकी को देखने के लिए क्षेत्र की जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही। श्रद्धालुओं ने नवदुर्गा के दिव्य स्वरूपों को देखकर आशीर्वाद की अनुभूति की। लोगों ने कहा कि यह प्रस्तुति न केवल कला का प्रदर्शन है, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति और देवी की शक्ति का सजीव उदाहरण है। प्रियंका जायसवाल ने कहा कि अकादमी ने इस आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल देवी के स्वरूपों को सजीव किया, बल्कि उनके माध्यम से धर्म, शक्ति, और नारी सशक्तिकरण का संदेश भी दिया।


