पुरन्दरपुर पुलिस ने एएसपी के नेतृत्व में दुर्गा पूजा को लेकर निकाला फ्लैग मार्च ।
महराजगंज । लक्ष्मीपुर आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुरन्दरपुर पुलिस ने पुरन्दरपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च एकमा, लक्ष्मीपुर, डिपो, पैसिया ललाइन, मोहनापुर सहित मुख्य सड़कों और गली-मोहल्लों से होते हुए विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों तक पहुंचा। फ्लैग मार्च में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था,जिसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। मार्च के दौरान एडिशनल एसपी सिद्धार्थ कुमार,थाना प्रभारी मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने लक्ष्मीपुर और पुरन्दरपुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस द्वारा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, भीड़-भाड़ के समय प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती करने और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके साथ ही, बिजली व्यवस्था,प्रवेश व निकासी मार्ग की सफाई,मेडिकल सहायता व नियंत्रण कक्ष के संचालन पर भी जोर दिया गया।एडिशनल एसपी ने लोगों से अपील की कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।इस दौरान स्थानीय जनता ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया।


