मिठौरा। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा नरायनपुर निवासी एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक 22 सितंबर की रात एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामसभा नरायनपुर निवासी 33 वर्षीय शिव प्रकाश पटेल सोमवार की रात करीब 9 बजे अपने घर से शिकारपुर की ओर जा रहे थे। जब वह बल्लों के पास पहुंचे, तो लघुशंका करने के लिए मोटरसाइकिल से उतर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिव प्रकाश पटेल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 27 सितंबर को उनकी मौत हो गई।
(रिपोर्ट – मनोज पटेल)


