सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पर विशेष स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन ।
बृजमनगंज । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। अधीक्षक डॉ. सुशील गुप्ता की देखरेख में 46 गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप और 85 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। डॉ. गुप्ता ने बताया कि एएनसी या प्रसवपूर्व जांच गर्भावस्था के दौरान मां और बच्चे के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए आवश्यक है। इस जांच में महिलाओं का वजन, ऊंचाई, रक्तचाप और मूत्र परीक्षण किया जाता है। साथ ही गर्भाशय की ऊंचाई और शिशु की हृदय गति की भी जांच की जाती है। चेकअप के दौरान आवश्यकता के अनुसार ग्लूकोज, थायरॉयड और एचआईवी परीक्षण भी किए जाते हैं। यह जांच गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप और संक्रमण का समय रहते पता लगाने में मदद करती है। इससे समय से पहले प्रसव और जन्म दोष जैसी समस्याओं को रोका जा सकता है। कार्यक्रम में स्टाफ नर्स विदुषी सिंह, परमिना, एएनएम नीतू पांडेय, काउंसलर प्रतिमा त्रिपाठी, अर्चना बाथम, इंद्रेश, एलटी ममता जायसवाल, फार्मासिस्ट वेद प्रकाश अग्रहरि और राजेश पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


