उत्तर प्रदेशमहराजगंज
Trending

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 490 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे ।

महराजगंज। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को जिले में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। सदर और पनियरा विधानसभा क्षेत्र के पात्र जोड़ों का विवाह नवीन मंडी, महराजगंज में संपन्न हुआ, जबकि फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के जोड़ों का विवाह आनंदनगर में आयोजित किया गया। जिले में कुल 490 पात्र जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें सदर-पनियरा के 422 तथा फरेंदा के 68 जोड़े शामिल रहे।
नवीन मंडी परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, महराजगंज सांसद एवं उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हुए। उनके साथ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में सभी समुदायों की आस्था का सम्मान करते हुए हिंदू रीति-रिवाज, बौद्ध धर्म तथा इस्लामिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराए गए। मंत्रोच्चार, बौद्ध वंदना और निकाह की रस्मों के बीच नवदंपतियों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की झलक देखने को मिली।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का माध्यम बन गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह करा रही है। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का पवित्र मिलन है। नवदंपतियों को विश्वास, प्रेम, सहयोग और पारिवारिक मूल्यों के साथ अपने वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस समारोह में हिंदू, बौद्ध और इस्लामिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न होना भारत की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सरकार सभी धर्मों और समुदायों का समान सम्मान करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}