
महराजगंज। पुरंदरपुर पुलिस ने मंगलसूत्र चोरी के मामले में वांछित एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए मंगलसूत्र की बिक्री से मिले 1900 रुपये नकद बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ महराजगंज और गोरखपुर में चोरी समेत छह मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरंदरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सेमरहनी जंगल के पास से देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र के सवरेजी निवासी प्रिंस उर्फ मोनू पुत्र भोला बासफोर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को थाना क्षेत्र के राजमंदिर खुर्द गांव में एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर मंगलसूत्र बेचने से प्राप्त 1900 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुराग प्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल आदित्य यादव और कांस्टेबल सुनेन्द्र कुमार शामिल रहे।


