ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़, चार युवक गिरफ्तार ।

महराजगंज। साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध प्रसार एवं कारोबार करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, सीपीयू, फर्जी आधार कार्ड तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर शुक्रवार को सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कसमरिया गांव में छापेमारी की। यहां से आकाश शर्मा (19), अरुण गौड़ (20), अनुज पटेल (19) और दिनेश गौड़ (19) को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपित Telegram और X (पूर्व में Twitter) पर फर्जी एवं गुप्त आईडी बनाकर बाल अश्लील फोटो और वीडियो का अवैध रूप से प्रसार करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपित इन आपत्तिजनक सामग्रियों के जरिए धन अर्जित करने का प्रयास कर रहे थे। पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, सीपीयू, माउस, तीन डाटा केबल, एक एक्सटेंशन बोर्ड, एक फर्जी आधार कार्ड तथा 12 आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की बाल शोषण या अश्लील सामग्री को न देखें, न डाउनलोड करें और न ही साझा करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दें।


