ड्रोन की अफवाह में फायरिंग करने वाला आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार ।

मिठौरा । सिन्दुरिया थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए ड्रोन की अफवाह के बीच फायरिंग कर ग्रामीणों को घायल करने वाले आरोपी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की पहचान बृजेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ गौतम सिंह पुत्र स्व. गौरीशंकर सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा टोला पुरुषोत्तमपुर के रूप में हुई है। उसे मेहदावल बाईपास, जनपद संतकबीर नगर से गिरफ्तार किया गया। मामला 25 सितंबर की रात का है, जब गांव में ड्रोन देखे जाने की अफवाह पर लोग सुदामा के घर के सामने जमा हुए थे। उसी दौरान आरोपी असलहा लेकर पहुंचा और भीड़ के बीच से ही फायरिंग कर दी। इसमें ज्योति 14, प्रतिमा 16 गीता 14 और नर्वदा 50 गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। पिताम्बर प्रजापति की तहरीर पर थाना सिन्दुरिया में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अदद तमंचा 12 बोर और फायर किया हुआ खोखा कारतूस भी बरामद किया। आरोपी के खिलाफ धारा 109 (1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
मनोज पटेल की रिपोर्ट


