जिला पर्यावरण समिति की बैठक कैंप कार्यालय पर संपन्न।
महराजगंज। जिलाधिकारी महराजगंज की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक कैंप कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने समिति के माध्यम जिला परियोजना अधिकारी की नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने डीपीआरओ को सभी ग्राम पंचायतों में गंगा ग्राम समिति के गठन हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जनपद की प्रदूषण उत्पादक औद्योगिक इकाइयों के प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था की जांच कर उसकी आख्या डीएफओ को उपलब्ध कराने का निर्देश क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड गोरखपुर को दिया। जिलाधिकारी ने जनपद के नालों की साफ–सफाई हेतु सिंचाई विभाग को निर्देशित किया। ईओ सोनौली को डंडा नदी पर जाली लगवाने के लिए कहा, ताकि ठोस अपशिष्टों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने यहां प्रदूषण को न्यूनतम रखने हेतु सभी जरूरी कदम उठाएं।बैठक में डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


