सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज पुलिस का शानदार प्रदर्शन, गोरखपुर रेंज में प्रथम व प्रदेश में आठवां स्थान ।
महराजगंज। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून-2026 रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर रेंज में पहला और पूरे उत्तर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में जनपद को 79.20 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। कानून-व्यवस्था से जुड़ी 30 योजनाओं में बेहतर कार्य के आधार पर पुलिस को विभिन्न प्रमुख मानकों पर A+ रैंकिंग भी मिली है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से शासन विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं और प्राथमिकता वाले कार्यों की रीयल-टाइम समीक्षा करता है। महराजगंज पुलिस को यह उपलब्धि जनसुनवाई, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पीआरवी रिस्पांस टाइम, अग्नि सुरक्षा एनओसी, अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई, एनडीपीएस, गैंगस्टर और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई, चरित्र प्रमाण-पत्रों के समयबद्ध निर्गमन, महिला एवं पाक्सो मामलों में त्वरित कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के कारण मिली।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी जनसामान्य को संवेदनशील, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।


