
महराजगंज । श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बड़हरा बरईपार गांव में शनिवार सुबह 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। कमरे में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी सरोज देवी शुक्रवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थीं। शनिवार सुबह पति ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा तो सरोज देवी मृत अवस्था में पड़ी थीं।
सरोज देवी की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। वह मूल रूप से कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र की रहने वाली थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

