महराजगंज । चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में मुंडन संस्कार के दौरान छह वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के मामले में शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आई बच्ची को खाना बनाने आया एक युवक बहलाकर घर से दूर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की तहरीर पर 19 नवंबर को चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था।
गंभीर हालत में बच्ची का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पीड़ित परिवार ने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।


