
महराजगंज । तहसील निचलौल में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 158 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए। राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे। उन्होंने तहसील दिवस और आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने के साथ अधिकारियों को स्वयं निगरानी करने का निर्देश दिया।
इससे पूर्व डीएम ने तहसील परिसर में लगाए गए ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन का अवलोकन किया। उन्होंने स्वीप अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। इस दौरान सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल भी कुछ देर मौजूद रहे और लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी कुमार, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

