
महराजगंज।
ठूठीबारी लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के सिवान में शनिवार को पराली जलाने के दौरान उठी आग की लपटों ने आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग फैलने से करीब दो एकड़ गन्ने की फसल प्रभावित हो गई। हादसे में छह किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।
आग लगने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी प्रभारी मनीष तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभाला। पुलिस, अग्निशमन कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में अमेरिका, रघुनाथ, रामसजन, शिवनाथ, दूधनाथ पुत्र पतिराज तथा शिव प्रसाद की गन्ने की फसल प्रभावित हुई। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।


