
महराजगंज । पनियरा साधन सहकारी समिति पनियरा पर शनिवार को डीएपी और एनपीके खाद के लिए किसानों की भारी भीड़ जुटी। सुबह सात बजे से लाइन में लगे किसानों ने सचिव के गायब होने पर हंगामा किया। किसानों ने अधिक दाम लेकर खाद बेचने और अपने चहेतों को खाद देने का आरोप लगाया।
किसान चंद्रभान, सुनील सहानी, मनोज सिंह, महेंद्र मल्ल और गोवर्धन ने बताया कि सचिव कुछ लोगों को खाद देने के बाद पासबुक जमा कराकर चले गए। इससे सैकड़ों किसान परेशान रहे। किसानों का कहना है कि खाद नहीं मिलने से गेहूं की बुआई प्रभावित हो रही है।
समिति अध्यक्ष के प्रतिनिधि सतीश सिंह ने भी सचिव और कर्मचारियों के गायब रहने की बात कही। एडीओ कोआपरेटिव रणजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को समिति पर 15 मीट्रिक टन डीएपी पहुंची थी। सचिव जयहिंद वर्मा ने सर्वर डाउन होने के कारण बैंक जाने की बात कही। किसानों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है।


