
महराजगंज । आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों में शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में गैर परम्परागत आयोजनों को अनुमति नहीं दिया जाएगा। आयोजक प्रशासन से आयोजन के संदर्भ में पूर्वानुमति जरूर ले लें। आयोजक प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय सारिणी का पालन अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल होने वाले लोगों की पहचान पूर्व में ही कर लें क्योंकि जुलूस कार्यक्रम में कोई भी अप्रिय स्थिति होने पर पूर्ण जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। जुलूस में मानक के अनुसार डीजे की आवाज रखें और जुलूस में झंडा लगाने के लिए धातु का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक सांस्कृतिक पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। इसलिए इन पर्वों को हमे उसी रूप में मनाना चाहिए। कोई ऐसा काम न करें, जिससे किसी अन्य की भावना को ठेस पहुंचे या कानून व्यवस्था पर संकट उत्पन्न हो। कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगाह है। इसलिए कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न करें, अन्यथा जिला प्रशासन कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी एसडीएम और सीओ थानों पर बैठक कर आवश्यक निर्देशों से लोगों को अवगत करा दें। सड़कों पर अनावश्यक झंडे पोस्टर बैनर को अभियान चलाकर हटवा लें। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर विद्युत खंबो और विद्युत तारों का सर्वे कर उनकी मरम्मत करवाने का निर्देश दिया। कहा कि जर्जर और लटकते तारों की भी मरम्मत करा लें। उन्होंने सभी एसडीएम को सीओ के साथ संवेदनशील क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थलों के आस–पास मांस–मछली की दुकानें न हों, इसको भी सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक भी दोनो पक्षों को संबोधित करते हुए परस्पर भाईचारे के साथ आगामी पर्वों को मनाने की अपील की। कहा की पर्वों का आनंद लेने के लिए आवश्यक है कि नियम और अनुशासन का पालन करें। किसी नवीन परंपरा की शुरुआत न करें। जुलूस आदि से अराजक तत्वों को दूर रखें। किसी प्रकार की आशंका उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को प्रतिमा लगाने वालों से बैठक करने का भी निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक खबर अफवाह न फैलाएं और न ही ऐसी खबरों के प्रभाव में आएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए कड़ी नजर रखने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी यदि लापरवाही करते हैं तो जवाबदेही सुनिश्चित किया जाएगा। इससे पूर्व दोनों समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बातों को रखा। दोनों समुदायों के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अश्वस्त किया कि आगामी त्यौहारों को परस्पर सद्भावना व भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ नवनीत गोयल, सभी एसडीएम और सीओ सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।


