निर्माणाधीन सीएम कंपोजिट विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई नाराजगी ।
महराजगंज। विकास खंड घुघली अंतर्गत निर्माणाधीन सीएम कंपोजिट विद्यालय, मेदिनीपुर का जिलाधिकारी महोदय ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के मुख्य भवन, डोरमेट्री एवं मल्टीपरपज हॉल का गहन अवलोकन किया।
निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल उन्हें बदलने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्युत कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर शीघ्र आवेदन कराने तथा कार्यदाई संस्था सीएनडीएस से समन्वय स्थापित कर कार्य को गति देने के निर्देश दिए।
डोरमेट्री का निर्माण कार्य शुरू न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने को कहा। विद्यालय परिसर में पीएसबी बोर्ड को स्पष्ट, आकर्षक एवं बड़े आकार में लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बताया गया कि विद्यालय का निर्माण लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग की अब तक की सबसे बड़ी परियोजना है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, घुघली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा कक्ष, रसोई, स्मार्ट क्लास रूम, हॉस्टल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण एवं मीना मंच जैसे कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।