बर्ड फ्लू से संबंधित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की सीडीओ ने किया बैठक ।
महराजगंज, । मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को बर्ड फ्लू से संबंधित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक देर रात कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से बर्ड फ्लू की स्थिति और रोग के रोकथाम हेतु की गई तैयारियों की जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में बर्ड फ्लू का कोई मामला अब तक प्रकाश में नहीं आया है। आस–पास के जनपदों में भी स्थिति सामान्य है। कुक्कुट पालकों से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। तैयारियों के विषय में अवगत कराते हुए कहा कि बर्ड फ्लू रोग के नियन्त्रण हेतु तहसील स्तर पर चार त्वरित कार्यवाही दल आर०आर०टी० का गठन किया गया है। जिसमें 03 उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, 13 पशु चिकित्साधिकारियों, 05 पशुधन प्रसार अधिकारी तथा 07 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इसी प्रकार बर्ड फ्लू रोग नियन्त्रण हेतु जनपदस्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिनका मो0नं0- 7007486197 है। उन्होंने बताया कि यदि जनपद में बर्ड फ्लू रोग के आउट ब्रेक होने की स्थिति उत्पन्न होती है तो सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु राजकीय पशुचिकित्सालय सदर पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना भी की गयी है। बर्ड फ्लू रोग के नियन्त्रण हेतु जनपद के समस्त तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों पर पर्याप्त मात्रा में पी०पी०ई० किट उपलब्ध करा दी गयी है जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से ससमय बीमारी को नियन्त्रित किया जा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारियों को कार्यों और उत्तरदायित्वों का निर्धारण कर दें। साथ ही कुक्कुट पालकों को निर्देशित कर दें कि यदि पशुपालन विभाग की टीम सैंपलिंग अथवा जांच के लिए जाती है, तो जरूरी सहयोग प्रदान करें। संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि बर्ड फ्लू के संदर्भ में कोई भी सूचना मिलने पर पशुधन विभाग को सूचित करें। उन्होंने बोर्ड फ्लू के सामान्य लक्षणों के प्रचार प्रसार का निर्देश दिया ताकि कोई मामला आने पर त्वरित सूचना प्राप्त हो सके।
बैठक में डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, डिप्टी सीवीओ डॉ विनोद विश्वकर्मा, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया वर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, एई नवनीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।


