वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लालबाबू जायसवाल के निधन पर शोक की लहर ।
महराजगंज। नौतनवा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बाजार निवासी और जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में सक्रिय वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लालबाबू जायसवाल का रविवार की रात निधन हो गया। वे 95 वर्ष के थे उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी को बल्कि समूचे क्षेत्र को एक अपूरणीय क्षति पहुंची है।
लालबाबू जायसवाल लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे लक्ष्मीपुर ब्लॉक के पूर्व कनिष्ठ प्रमुख भी रह चुके थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने सदैव जनहित को प्राथमिकता दी। उनकी साफ-सुथरी छवि और समाजसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बनाता था। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारी वर्ग के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। पूर्व विधायक मुन्ना सिंह, पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी, भाजपा नेता समीर त्रिपाठी, हरिकेश चंद्र पाठक, सदामोहन उपाध्याय, राकेश पांडेय, विजय सिंह, सुरेश चंद्र सहनी, अशोक जायसवाल, रामसेवक जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लालबाबू जायसवाल का जीवन सरल, ईमानदार और प्रेरणादायी रहा है। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए नेताओं ने कहा कि लालबाबू जायसवाल ने जो कार्य और मूल्य समाज के लिए छोड़े हैं, वे सदैव याद किए जाएंगे।
उनके अंतिम संस्कार में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।