डीपीटी टीडी माह’ : शत फीसदी बच्चों और किशोर किशोरियों का हो टीकाकरण-डाॅ.राकेश कुमार l

महराजगंज ।डीपीटी टीडी ‘ अभियान के तहत शत प्रतिशत बच्चों और किशोर किशोरियों का टीकाकरण कराया जाए। उदासीनता बरतने वाले अभिभावकों को समझा कर उनके पात्र बच्चों को टीका लगाया जाए।उक्त बातें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश कुमार ने प्राथमिक विद्यालय सदर महराजगंज पर डीपीटी टीडी माह में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के दौरान कही। शुभारंभ शिवम और राज को टीडी 10 का टीका लगा कर किया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय के साथ शत प्रतिशत बच्चों और किशोरों का टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। दस नवम्बर तक जिले में स्कूल आधारित टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार और शनिवार के अतिरिक्त कार्य दिवसों पर राजकीय और निजी स्कूलों में टीकाकरण सत्र आयोजित किये जा रहे हैं । कक्षा एक में पढ़ने वाले पांच वर्ष के बच्चों को डीपीटी टू बूस्टर डोज, कक्षा पांच में पढ़ने वाले दस वर्ष के विद्यार्थियों को टीडी दस और कक्षा दस में पढ़ने वाले सोलह वर्ष तक के किशोर किशोरियों को टीडी सोलह वैक्सीन लगाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ.केपी सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान बुधवार और शनिवार के नियमित टीकाकरण दिवसों पर स्कूल न जाने वाले उन बच्चों व किशोर किशोरियों को भी यह टीके लगाए जाएंगे जो किसी कारणवश इनसे वंचित हैं।डीआईओ ने कहा कि अभियान से पहले संबंधित स्कूलों के शिक्षकगण, अभिभावक बैठक और स्कूल डायरी के जरिये अभिभावकों से टीकाकरण के लिए सहमति लें। जो अभिभावक सहमति नहीं देंगे उन्हें प्रेरित कर उनके बच्चों का टीकाकरण किया जाए । उन्होंने कहा कि लोगों को यह संदेश अवश्य दें कि टीकाकरण के बाद कुछ बच्चों में बुखार और इंजेक्शन वाली जगह पर लालिमा या सूजन की दिक्कत हो सकती है । यह सामान्य प्रतिक्रिया है और इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसा होने पर एएनएम से सलाह लेना है। यूएनडीपी के वीसीसीएम नागेन्द्र पांडेय ने बताया कि जिले में टीके की पर्याप्त उपलब्धता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह, बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह, बीसीपीएम लवली वर्मा , एएनएम साधना मद्धेशिया, प्राथमिक विद्यालय सदर महराजगंज के प्रधानाध्यापक संजय मिश्रा प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।


