धूमधाम से मनाया गया नौवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस

फरेंदा। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत विभिन्न सरकारी संस्थानों, गैर-सरकारी व निजी प्राइवेट स्कूलों व अन्य तमाम जगहों पर नौवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस भव्य तरीके से मनाया गया। वहीं एसडीएम फरेन्दा, सीओ, थाना प्रभारी, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीएचसी फरेंदा, होम्योपैथिक अस्पताल व राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल आनंद नगर के सभी कर्मचारियों सहित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में योग क्रियाएं की। वहीं परमेश्वर सिंह पीजी कालेज में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एम एल सी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह व विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने योग क्रियाएं कर लोगों को जीवन में योग अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर लोगों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का पुरातन काल से अभिन्न अंग रहा है। आज योग को विश्व के लगभग सभी देशों में अपनाया जा रहा है जो हर भारत वासी के लिए गर्व की बात है। वहीं राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल आनंद नगर में तैनात डॉक्टर यामिनी त्रिपाठी कहा कि योग से न केवल शरीर स्फूर्तिवान रहता है बल्कि मन भी ऊर्जावान रहता है, इसलिए हमें योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।