
महराजगंज । लक्ष्मीपुर बाजार में स्थित गुरुद्वारा गुरु गोविन्द सिंह सभा के तत्वावधान से शनिवार की सुबह वीर बाल दिवस पर नगर में शोभायात्रा निकाली गई। बलिदानियो की शहादत को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा लेने को प्रेरित किया गया। गुरूद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में श्री गुरू गोबिन्द सिंह के शहीद चार साहिबजादों के सहादत को याद कर मौजूद सिख संगत के लोगों ने नमन कर श्रद्धांजलि दिया। श्री गुरु गोविंद सिंह की गुणगान करते हुए सिख समाज ने कहा कि सेवा सिमरन और शौर्य की शिक्षा गुरु गोविंद साहब से मिली। बलिदानियों की प्रेरणा सदैव धर्म के रक्षको को प्रेरित करता रहेगा। वीर बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सिख समाज के बच्चों ने अपने कार्यक्रमों के जरिए गुरु गोविंद सिंह एवं उनके चार साहिबजादे की वीर गाथा का मंचन किया। धर्म की रक्षा के लिए शहादत देने वाले साहिबज़ादों के वीर गाथाओं की प्रस्तुति देख सभी की आंखें नम हो गयीं। वक्ताओं ने अपने सम्बोधन में कहा कि बाल दिवस पर श्री गुरु गोविंद सिंह एवं उनके चार शाहिबजादे अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने अपनी शहादत दे दी, लेकिन धर्म पर आंच नहीं आने दी। चारों साहिबजादे धर्म की रक्षा के लिए युद्ध में उतर गए और एक-एक कर धर्म की रक्षा करते शहीद हो गये। वीर बाल दिवस जाति धर्म की एकता का संदेश देता हैं। सिख समाज के लोगों ने कहा की गुरु गोविंद सिंह एव उनके चारों साहबजादे धर्म की रक्षा लिए लड़ते रहे। छोटी उम्र में साहिबज़ादों की दी गई कुर्बानी आज भी हम लोगो को प्रेरणा देती है। धर्म की रक्षा के लिए चारो शाहिबजादो ने युद्ध चुना लेकिन धर्म से समझौता नही किया। कार्यक्रम में सिक्ख समाज के महिला, पुरूष व बच्चों ने बढचढकर हिस्सा लिये।



