प्राइवेट वाहनों पर बज रहे सायरन से लोग परेशान कार्रवाई की मांग ।
महराजगंज ।कोल्हुई शहरी हो या ग्रामीण क्षेत्र इन दिनों प्राइवेट वाहनों पर लगे सायरन लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन रहा हैं। दोपहिया और चारपहिया निजी वाहन चालक बिना किसी अनुमति के सायरन बजाते हुए सड़कों पर वेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आमजन को न केवल ध्वनि प्रदूषण झेलना पड़ रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय उपनगर वासियों का कहना है कि कई वाहन स्वामी अपने निजी वाहनों पर पुलिस या एंबुलेंस जैसी आवाज वाले सायरन लगाकर चलते हैं। अचानक तेज आवाज होने से राहगीरों, बुजुर्गों और बच्चों में दहशत फैल जाती है। कई बार सायरन की आवाज से सड़क पार कर रहे लोगों का ध्यान भटक जाता है और दुर्घटना की संभावनाएं भी बढ़ जाती है।
परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से प्राइवेट वाहनों पर सायरन लगाने की अनुमति नहीं है । इसके बावजूद बाजारों मुख्य सड़कों और मोहल्लों में सायरन का बेहिसाब इस्तेमाल हो रहा है। लोगो ने बताया कि अक्सर देर रात मे सायरन बजाने से उनका चैन और नींद दोनों छिन जाते हैं।
स्थानीय सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस टीमों को अभियान चलाकर अवैध रूप से लगे सायरन हटवाने चाहिए, ताकि शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
लोगों का कहना है कि जागरूकता के साथ-साथ सख्ती भी जरूरी है । तभी इस समस्या से छुटकारा मिल सकता है।


