
महराजगंज। नेपाल में राजनीतिक संकट और हिंसक घटनाओं के बीच ठहरे भारतीय सैलानियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज के सांसद पंकज चौधरी ने जिला प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाते हुए बॉर्डर प्वाइंट्स पर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
सोनौली, ठुठीबारी, झुलनीपुर समेत अन्य बॉर्डर मार्गों से लगातार भारतीय सैलानियों की वापसी हो रही है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बॉर्डर पर लौटने वाले प्रत्येक यात्री की देखभाल और सुविधा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन ने बॉर्डर प्वाइंट्स पर मेडिकल टीम की तैनाती की है। वहीं, यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित भेजने के लिए बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। लौटने वाले सैलानियों के लिए पीने का पानी, चाय-नाश्ता और दवाओं की आपूर्ति लगातार की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पर्यटक को असुविधा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ता भी प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रहे हैं। उन्हें विभिन्न बॉर्डर प्वाइंट्स पर तैनात किया गया है। कार्यकर्ता यात्रियों को गाइड करने, भोजन-पानी उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर मेडिकल सहायता दिलाने में जुटे हैं। भोजन व पानी के पैकेट, दवाएं और एंबुलेंस सेवाएं तुरंत उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लखनऊ से आए संजय बरनवाल ने सोनौली बॉर्डर पर कहा यहां पहुंचते ही हमें चाय-नाश्ता और दवा मिली। प्रशासन और कार्यकर्ताओं का सहयोग देखकर काफी राहत मिली।
नेपाल की अस्थिर स्थिति के बीच केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के प्रयासों और प्रशासन-कार्यकर्ताओं की संयुक्त पहल से लौट रहे भारतीय सैलानियों को बड़ी राहत मिल रही है।
