
महराजगंज । ई-संजीवनी सम्पादित करने में खराब प्रदर्शन करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की सोमवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने कहा कि जिन सीएचओ की मानक से कम ई-संजीवनी सम्पादित हुई है वे सभी लोग अपना बेहतर प्रदर्शन करें, वरना अगली समीक्षा बैठक में कार्रवाई तय है।
डिप्टी सीएमओ डॉ सिंह ने कहा कि एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के तहत पहली से 31 मार्च 2026 तक ई-संजीवनी शून्य या मानक से कम सम्पादित करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की समीक्षा बैठक की गई। समीक्षा सहित विभिन्न बैठकों के जरिए मानक के अनुरूप ई-संजीवनी सम्पादित करने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन कुछ सीएचओ का प्रदर्शन बेहद खराब है,जिससे प्रतीत होता है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश का कोई असर नहीं है।
उन्होंने कहा कि मानक के अनुसार सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रति माह कम से कम 125 ई-संजीवनी सम्पादित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसका अनुपालन न किया जाना गंभीर चिन्ता का विषय है। इसी के साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को एनसीडी स्क्रीनिंग पर भी विशेष जोर देना होगा। अपने क्षेत्र के 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की शत प्रतिशत एनसीडी स्क्रीनिंग जरूरी है। उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जाना आवश्यक है। समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सिंह, डीसीपीएम संदीप पाठक, राधिका मणि,दीक्षा सचान, राधेश्याम मल्लाह, यशोदा त्रिपाठी, जैनुल आबदीन और पूजा आदि सीएचओ मौजूद रहे।


