महराजगंज । घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द–बल्लो सिवान के बीच बुधवार सुबह शीशम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगभग 10 बजे राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर घुघली पुलिस मौके पर पहुँची। घटना को गंभीर मानते हुए फॉरेंसिक टीम भी बुलवाई गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान विकास पुत्र योगेंद्र,निवासी पचाड़, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएँ जारी हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनोहर सिंह की रिपोर्ट
