
महराजगंज । ठूठीबारी पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:55 बजे पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा स्तम्भ संख्या 506 से लगभग 100 मीटर दूर ओपी पोस्ट-1 के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं व इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार 21 वर्ष निवासी ग्राम सोनवल, थाना सिंदुरिया, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। बरामदगी में 1272 प्रोक्सोवोन स्पास कैप्सूल, 46 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन, 46 प्रोमेथाजीन इंजेक्शन और 46 डायजेपाम इंजेक्शन शामिल हैं। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन लोगों का इसमें नेटवर्क शामिल है।
ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि बरामद नशीली दवाओं व अन्य सामग्री के साथ अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।