
महराजगंज ‘ । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को जनपद के 16 ताइक्वांडो खिलाड़ियों को वर्ल्ड ताइक्वांडो मुख्यालय कुक्कीवन दक्षिण कोरिया द्वारा जारी ब्लैक बेल्ट उपाधि प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर डीएम ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि इस वर्ष 16 खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त की है। इनमें प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित सांची अग्रवाल सहित नैवेद्य, दीपांश सोनी, आयुष केशरी, ममता कुमारी, अरशद अली, प्रिया, अंकित, अमन चौधरी, ज्योतिर्मय रुद्रमा गुप्ता, जोया अफरोज, अश्वनी सिंह और वीरेन्द्र भारती को ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान प्रदान किया गया। वहीं आकाश चौधरी, रियाज अली और सौजन्य स्नेह प्रियदर्शी को ब्लैक बेल्ट सेकेंड डान मिला।
उन्होंने बताया कि ये सभी खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुके हैं और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रशिक्षक राहुल राय, उत्सव शर्मा और दयानंद त्रिपाठी मौजूद रहे।

