
महराजगंज। सोशल मीडिया पर डीजल-पेट्रोल और एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएम ने डीजल-पेट्रोल व एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। संचालकों ने बताया कि जनपद में ईंधन और गैस की नियमित आपूर्ति हो रही है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में डीजल-पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर अफवाह फैलाकर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वाहनों के अलावा किसी भी कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तन में डीजल-पेट्रोल की बिक्री न की जाए। संदिग्ध तरीके से बार-बार ईंधन खरीदने वालों की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए और उपभोक्ताओं के घर तक ही वितरण सुनिश्चित किया जाए। बिना बुकिंग सिलिंडर वितरण मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को टीम गठित कर औचक निरीक्षण करने और निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद रहे।
