महराजगंज । सिंदुरिया थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में शनिवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजगंज भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार नरायनपुर निवासी उषा 35 पत्नी मोहन ने कथित रूप से घर की छत में लगे बांस के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि रात में खाना खाने के बाद पति-पत्नी सोने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह जब पति की नींद खुली तो उसने पत्नी को फंदे से लटका देखा।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए थे। इसी बीच किसी तरह जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की।
मृतका के पति मोहन पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं। दंपति के दो बेटे निखिल 15 और नितेश 12 हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने से मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विक्की कुमार

