नाबालिग से मारपीट व जातिसूचक शब्दों का आरोप, एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज ।
महराजगंज । बरगदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरायनपुर टोला शिकारगढ़ में नाबालिग से मारपीट व जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। पीड़िता विमला देवी पत्नी जयप्रकाश गौतम ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र दिलीप गौतम नदी के किनारे चारागाह की सार्वजनिक भूमि पर बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही मिथिलेश यादव से कहासुनी व धक्का-मुक्की हो गई।
आरोप है कि इसके बाद नाराज होकर कलमनाथ यादव पुत्र बृजलाल यादव लाठी लेकर मौके पर पहुंचे और दिलीप गौतम के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की तथा लाठी से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया, जिसे वहां मौजूद बच्चों ने किसी तरह उसके घर पहुंचाया। परिजन उसे इलाज के लिए मद्देशिया अस्पताल ले गए, जहां वह भर्ती है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने घटना की शिकायत की तो आरोपी ने उसके साथ भी जातिसूचक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता अनुसूचित जाति की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


