महराजगंज । बृजमनगंज के हरनामपुर में शनिवार देर रात तीन मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में कुल चार युवक घायल हो गए, जिनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज से फरेंदा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे। यह बुलेट हरनामपुर चौराहे पर लेहड़ा मंदिर से नई आर 1 बाइक का पूजन कराकर बृजमनगंज लौट रहे दो युवकों से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें घिसटते हुए दूर जा गिरीं। इसी दौरान, अंधेरे के कारण सामने से आ रही एक हीरो डीलक्स बाइक भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई। इस तिहरे टकराव में लेहड़ा निवासी आकाश यादव, रमजानपुर निवासी सुलेज अहमद, आलमाचक निवासी विकास राव और बेला निवासी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी बृजमनगंज ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आकाश यादव, सुलेज अहमद और विकास राव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना अध्यक्ष प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

