
महराजगंज । ठूठीबारी स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में खाद्यान्न समेत इलेक्ट्रॉनिक और अन्य कीमती सामानों की तस्करी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे राजाबारी, मरचहवा, थाने के पीछे बंधे के रास्ते व भरवलिया गांव के पास मौजूद पगडंडी रास्तों का खुलेआम इस्तेमाल कर तस्कर रोजाना खाद्यान्न, बिस्किट, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, मोटर पार्ट्स, वाहनों के पुराने इंजन, कपड़ा सहित अन्य सामानों की खेप नेपाल भेज रहे हैं। वही दूसरी ओर नेपाल से नेपाली शराब, हल्दी, सोंठ व मक्के की खेप भारतीय क्षेत्र में भेजी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन पगडंडी मार्गों पर रात ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में भी तस्करी की आवाजाही देखी जा रही है। अवैध धंधे में संलिप्त कैरियर पुराने दो पहिया वाहनों का इस्तेमाल कर सामान ढो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर आए दिन तस्करी से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं, इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां तस्करों पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रही हैं।वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि किस तरह सीमावर्ती पगडंडी रास्तों से माल ले जाया जा रहा है, लेकिन न तो नियमित गश्त बढ़ाई गई और न ही ठोस कार्रवाई नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो तस्करी का यह नेटवर्क और मजबूत हो सकता है। लोगों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए, पगडंडी रास्तों को चिन्हित कर सख्त चेकिंग की जाए तथा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।

