हजरत ताजुद्दीन उर्फ झुम्मन शाह बाबा का 32 वां उर्स पाक श्रद्धा और अकीदत से संपन्न ।
सिंदुरिया । विकास खंड मिठौरा अंतर्गत ग्राम सभा सिंदुरिया में हजरत ताजुद्दीन उर्फ झुम्मन शाह बाबा का 32 वां सालाना उर्स पाक पूरे अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। उर्स के अवसर पर दूर-दराज से पहुंचे अकीदतमंदों ने बाबा की मजार पर चादरपोशी कर देश में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआएं मांगी।
उर्स के तहत आयोजित जलसे की शुरुआत मौलाना अजलान द्वारा कुरान शरीफ की तिलावत से की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि हाफिज अब्दुल रज्जाक ने मजहबी तकरीर करते हुए कहा कि फज्र की अजान के समय घर के दरवाजे खोलकर पूरे परिवार के साथ अल्लाह की इबादत करनी चाहिए। ऐसा करने से घर में रहमत और बरकत बनी रहती है तथा हर तरह की परेशानियों से निजात मिलती है। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और इंसानियत को मजबूत करने की अपील की। उर्स के दौरान मजार परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्त, प्रेम सागर गुप्ता, रघुनाथ पटेल, राम नारायण पासवान, सदर अली रजा, प्रबंधक सहाबुद्दीन, हाजी मौलाना मोहम्मद हुसैन, निजामुद्दीन, शाकिर अली, दब्बीर हसन, समसुद्दीन अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
(विक्की)



