महराजगंज सावित्री पब्लिक स्कूल ग्रुप के
प्रबंधक बसंत कुमार पांडे ने मकर संक्रांति पर्व के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों सहित विद्यालय से जुड़े अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर उन्होंने मकर संक्रांति के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व बताया।
प्रबंधक बसंत कुमार पांडे ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य के उत्तरायण होने और नई फसलों के आगमन का प्रतीक है, जो जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उल्लास का संचार करती है। यह पर्व तिल-गुड़ की मिठास और पतंगों की उड़ान के माध्यम से आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
उन्होंने अपने संदेश में शिक्षकों की मार्गदर्शक भूमिका और उनके निष्ठापूर्ण सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों के विद्यालय के प्रति निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। प्रबंधक पांडे ने अंत में कहा
कि ऐसे पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं और जीवन में अनुशासन, परिश्रम व सकारात्मक सोच को अपनाने की प्रेरणा देते हैं।



